न्यूज नालंदा – राजगीर विधायक के नाम से बनाया फर्जी फेसबुक अकाउंट, जाने मामला… शातिर ठग लोगों को ठगने का नया-नया तरीका इस्तेमाल करते हैं। इस बार ठगों ने राजगीर विधायक रवि ज्योति कुमार के नाम से एक फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया। इसके बाद शातिर विधायक के जानने वालों से तरह-तरह के कामों के लिए रुपये मांगने लगा। किसी से 20 हजार, किसी से 50 हजार तो किसी से डेढ़ लाख। विधायक को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने राजगीर थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी। उन्होंने धोखाधड़ी कर रुपये ठगने का प्रयास करने व उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने का आरोप लगाया है। विधायक ने बताया कि 10 सितम्बर को वे राजगीर पहुंचे तो उन्होंने फेसबुक व व्हाट्सएप देखा। पता चला कि उनके नाम से फर्जी अकाउंट बना दिया गया है। लोगों से अलग-अलग कामों के लिए रुपये मांग रहा है। तेतरावां गांव निवासी एक कर्मी को प्रमोशन दिलाने के नाम पर झांसा देकर रुपये की मांग की गयी थी। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।