विद्यापतिनगर। प्रखंड क्षेत्र के मऊ बाजार स्थित पुरानी दुर्गा मंदिर के नवनिर्माण एवं मंदिर में स्थापित माता दुर्गा की प्रतिमा के पुनर्प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पुरानी दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय शत् चण्डी महायज्ञ की विधिवत शुरुआत शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बाद भव्य कलश सह शोभायात्रा के साथ हुई। कलशयात्रा की शुरुआत यज्ञशाला लंगड़ा ढाला (शिव मंदिर के समीप) से हुई। यज्ञ के आचार्य एवं पंडितों के निर्देशन में सैकड़ों कन्याओं एवं मुख्य यजमानों ने मोक्षदायिनी गंगा की सहायक बाया नदी के अखाड़ा घाट पर पहुंचकर कलश में जल भरा। कलश यात्रा में शामिल करीब 11 सौ कन्याओं तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जय मां दुर्गा-जय मां चण्डी का जयकारा लगाते हुए शेरपुर चांदनी चौक, मड़वा ढाला, मऊ बाजार, पुरानी दुर्गा मंदिर होते हुए करीब 5 किलोमीटर की यात्रा कर यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां यज्ञ के आचार्य पंडित गोविन्दाछार्य के दिशा निर्देश में कलश को रखा गया। शोभायात्रा में गाजे-बाजे तथा रथ व घोड़े के साथ भारी संख्या में भक्त श्रद्धालु लाल-पीले पारंपरिक वस्त्र धारण किए माता की जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर हो उठा। पुरानी दुर्गा पूजा समिति के सचिव अर्जुन प्रसाद सिंह ने बताया कि मंदिर के नवनिर्माण एवं स्थापित माता दुर्गा की प्रतीमा के फ्राण-प्रतिष्ठा को लेकर इस यज्ञ का आयोजन किया गया है, जिसमें लोगों का अपार सहयोग मिल रहा। अध्यक्ष राज कुमार पाण्डेय ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की सुख, शांति एवं समृद्धि के उद्देश्य से पूजा समिति द्वारा शत् चण्डी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, आज की भव्य कलश सह शोभायात्रा में अनुमान से अधिक कन्याओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया है, जो यह दर्शाता है कि आम जनमानस में भक्ति की धारा बह रही है। मुखिया दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि यज्ञ से मन में शांति के साथ साथ आपसी प्रेम और भाईचारे में वृद्धि होती है, इसी कारण यज्ञ का आयोजन समय-समय पर होना चाहिए। इस यज्ञ में मुख्य यजमान के तौर पर अर्जुन प्रसाद सिंह, राम बिहारी सिंह, नवीन सिंह तथा पद्माकर सिंह लाला भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर थानाध्यक्ष फिरोज आलम, मुखिया दिनेश प्रसाद सिंह, सचिव अर्जुन प्रसाद सिंह, अध्यक्ष राज कुमार पाण्डेय, कोषाध्यक्ष गोविंद मिश्र, विमल प्रसाद सिंह, रामदयाल झा, सुदर्शन सिंह, रामाधार झा, राम बिहारी सिंह, शिवदासानी सिंह, संतोष सिंह, पद्माकर सिंह लाला, सुबोध सिंह, राजेश रोशन, कुमार अभिनव, पंकज सिंह, चितरंजन साह, सज्जन झा, हेमंत साह, अजय झा के अलावा बड़ी संख्या में भक्त श्रद्धालु मौजूद थे।