जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रखंड के अधिकतर पंचायतों में अलाव की अंचल प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। चौक-चौराहे और रेलवे स्टेशन पर गरीब ठिठुर रहे हैं। जनवरी महीने के पहले सप्ताह से ही ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ रही ठंड के बीच चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं किए जाने के बीच लोगों की निगाहें प्रशासन पर जा टिकी हैं। पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं होने के कारण रद्दी कागज और फलों की पेटियों को जलाकर लोग ठंड भगाने का प्रयास कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बीच लोग घरों में ही दुबकने लगे हैं। सुबह-शाम ज्यादा ठंड पड़ने के कारण अति आवश्यक कार्य से ही लोग घर से बाहर निकल रहे हैं। वृद्धों और बच्चों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दिन के दोपहर में तापमान 12-14 डिग्री सेल्सियस मापा जा रहा है। सुबह का तापमान दोपहर के तापमान के आधे से भी कम आंका जा रहा है। ठंड के अधिक होने के कारण कई लोगों के प्रात: कालीन ठहलने का समय पर असर पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। हालात हैं कि शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।