विद्यापतिनगर। भगवान राम दूल्हा बने तो उन्हें देखने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। विद्यापतिधाम में विवाह गीत बजते ही वातावरण मांगलिक हो गया। देव नगरी विद्यापतिधाम मंदिर परिसर से शनिवार को राम विवाह की भव्य बारात की झांकी निकाली गयी। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से विद्यापतिधाम स्थित रामजानकी मंदिर प्रांगण से बारात का शुभारंभ किया गया। भव्यता की अनूठी प्रस्तुति के बीच बारात की झांकी वृन्दावन साहिट, राजा चौक, बाजिदपुर होते हुए मऊ बाजार, शेरपुर, बालकृष्णपुर मड़वा, सुभानीपुर होते हुए देव नगरी विद्यापतिधाम मंदिर परिसर में पहुंची। इस दौरान इलाके में भक्तिमय वातावरण की अनुगूंज से माहौल सराबोर रहा। बारात में हाथी-घोड़ा सैकड़ों नर-नारी सहित रथ पर सवार धनुष वान लिए भगवान राम व लक्ष्मण ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।झांकियों के बीच चल रहे बैंड बाजों की धुन ने झुमाया। जगह-जगह महिलाओं की टोली बारात पर पुष्प वर्षा व आरती कर मनमोहक झांकी का स्वागत करती दिखी। सड़क किनारे बारात देखने लोगों की भीड़ जुटी रही। पूर्व मुखिया गणेश गिरि कवि ने बताया कि बारात आगमन के पश्चात रविवार को राम जानकी विवाह मंडप में वैदिक रीति- रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठान के बीच राम जानकी विवाह संपन्न होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उगना महादेव मंदिर समेत पूरे परिसर को रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया है। मौके पर जदयू प्रदेश सचिव धीरेंद्र कुमार सिंह, भूपेंद्र नारायण सिंह, चतुरानंद गिरि, सज्जन झा, सुरेंद्र कुमार सिंह, हरिओम गिरि, रामदयाल गिरि आदि मौजूद थे।