विद्यापतिनगर । एक ओर प्रखंड क्षेत्र सहित संपूर्ण बिहार भीषण गर्मी और लू के चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर विगत चार दिनों से बिजली की आंख मिचौली लोगों पर कहर बरपा रही है । प्रखंड के लोग विद्युत कटौती से बेहद परेशान और बेबस दिखाई दे रहे हैं । प्रखंड क्षेत्र के मिर्जापुर गंज में पावर सबस्टेशन बनाया गया है, जहां से अलग-अलग फीडर के माध्यम से प्रखंड क्षेत्र में विद्युत सप्लाई की जाती है । विगत 5 दिनों से विद्युत विभाग द्वारा 5-7 घंटे तक विद्युत कटौती की जा रही है, जिससे लोग बेहद परेशान और दुखी हैं । स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि दिन में करीब 4+5 घंटे तथा शाम के समय 1-2 घंटे विद्युत कटौती की जाती है, जिस कारण इस भीषण गर्मी में लोगों को बिना पंखे रहने को मजबूर कर दिया जाता है, आलम यह है कि इस प्रचंड गर्मी में ना घर में रहने में सुकून मिलता है, और ना बाहर में । दूसरी ओर विद्युत कटौती के कारण नल जल योजना तथा पीएचईडी द्वारा होने वाला पानी सप्लाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई है । समय पर बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है । सबसे अधिक परेशानी शेरपुर फ्रीडम से संबंधित उपभोक्ताओं को हो रही है । इस फीडर के माध्यम से प्रखंड के बालकृष्ण पुर मड़वा, मऊ धनेशपुर दक्षिण, शेरपुर तथा मऊ धनेश्वर उत्तर पंचायत की बड़ी आबादी प्रभावित हुई है । लोगों की माने तो शनिवार को दिन में कई घंटे बिजली कटी रही, यही आलम शुक्रवार को भी देखने को मिला ।लोगों ने बताया कि विद्युत पावर सब स्टेशन में फोन करने पर बार-बार काम चलने का बहाना बनाया जाता है ।
