समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर में सांप काटने से एक स्कूली छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के राजाजान पंचायत के ब्रह्मपुरा गांव में बुधवार की मध्यरात्रि सांप काटने से स्कूली छात्रा की मौत हो गई है। मृत छात्रा की पहचान मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के राजाजान पंचायत के निवासी उमेश सिंह के 13 वर्षीय पुत्री चंचल कुमारी के रूप में की गई है। छात्रा ब्रह्मपुरा विद्यालय में चौथी क्लास की छात्रा थी। घटना के संबंध में बताया गया है की युवती अपने माता एवं बहन के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान एक सांप ने उसकी उंगली में काट लिया। तब उसकी नींद खुली सांप को देखकर उसने शोर मचाया। जिसके बाद पूरे घर के लोग उठ गए। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार की सुबह दल बल के साथ पहुंची मोदीनगर थाना की पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को अपने कब्जे में लिया। लेकिन, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। वही छात्रा की मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।