महिला से दुष्कर्म करने वाले पैथोलाजी संचालक के खिलाफ मुकदमा . फतेहपुर। जांच के बहाने पैथोलॉजी में महिला से दुष्कर्म के मामले में संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट भी लगाया और पैथोलॉजी संचालक को हिरासत में ले लिया गया है। धाता थाना क्षेत्र की एक महिला पति के साथ खखरेरू थाना क्षेत्र के रक्षपालपुर चौराहा स्थित - पुष्पांजलि पैथोलॉजी में शुक्रवार जांच को कराने पहुंची थी। महिला को पति छोड़कर एटीएम बूथ पर रुपये निकालने चला गया। इसी दौरान पैथोलॉजी संचालक शैलेंद्र सिंह ने महिला का मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जातिसूचक शब्द बोलकर गालीगलौज की। शिकायत पर जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद एटीएम में रुपये नहीं होने पर पति पैथोलॉजी लौटा। महिला ने आपबीती पति को बताई। यह सुनने के बाद पति भड़क उठा। संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। हंगामा देखकर भीड़ लग गई। मौका पाकर संचालक मौके से भाग निकला। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने संचालक को हिरासत में लिया है। खागा सीओ बृजमोहन राय घटनास्थल की जांच करने पहुंचे। मौके का नक्शा बनवाया। सीओ ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।