फतेहपुर-शाह,। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के बाद गांव में दो पक्ष आमने सामने आ गए। जिस पर लाठी-डंडे चलने लगे जिससे कई लोग घायल भी हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि गोली तक चल गई। फायरिंग से अफरा तफरी मच गई दूसरा पक्ष लाइसेंसी असलहा छीन ले गया। गोली चलने के बाद बढ़े तनाव को देखते हुए सीओ सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के द्रष्टिगत गांव में पुलिस की तैनाती की गई है। गाजीपुर थाना क्षेत्र के अयाह गांव में रविवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति प्रतिभाग करने पहुंची थी। उनके अलावा कार्यक्रम में कई आला अधिकारियों सहित भाजपा नेता भी मौजूद थे। कार्यक्रम देर शाम करीब छह बजे संपन्न हो गया। केंद्रीय राज्यमंत्री के काफिले के रवाना होते ही पंडाल से कुर्सियां हटाई जा रहीं थी। इसी दौरान ग्राम प्रधान का विपक्षी खेमा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया। मौके में मौजूद ग्राम प्रधान के पति से वाद विवाद होने लगा। वाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार्यक्रम स्थल पर लाठी डंडो के साथ ही एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी डबल बैरल से गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। वहीं दूसरा पक्ष डबल बैरल लेकर फरार हो गया। छावनी बना गांव फायरिंग और बवाल की सूचना पर गाजीपुर, कोतवाली, ललौली थाने का पुलिस फोर्स अयाह गांव पहुंचा। पुलिस ने कई लोगों से पूछतांछ की। लेकिन गांव में डर की वजह से कोई ज्यादा कुछ नहीं बोला। दोनों पक्षों के कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। तनाव के चलते गांव में पुलिस बल तैनात है। सीओ जाफरगंज परशुराम त्रिपाठी का कहना है कि दो पक्षों में चुनावी रंजिश में विवाद हुआ है। हवाई फायरिंग की जानकारी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। दोनों पक्ष थाने में मौजूद है।