जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने दोपहर एक बजे शिक्षा क्षेत्र हनुमानगंज के शंकरपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों एवं अध्यापकों की उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। साथ ही एमडीएम रजिस्टर में पिछले तीन दिन के बच्चों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर , कक्षा और शौचालय की गंदगी, पेयजल की अव्यवस्था, पंजीकृत छात्र छात्राओं की संख्या के सापेक्ष कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापिका रीलम सिंह को बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सस्पेंड करने का निर्देश दिया। इसी दौरान विद्यालय परिसर में गांव के ग्राम प्रधान ने अवैध कब्जे द्वारा धान की पराली एवं ईंट रखने और गाय भैंस बांधने के मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ग्राम प्रधान को बुलाकर पूछताछ कर फटकार लगाई और बांसडीह थाने के एसओ को बुलाकर 2 घंटे के अंदर सभी वस्तुओं के हटवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान से कहा कि पहले भी आपने इस प्रकार के अवैध रूप से वस्तुएं रखी थी, जिसे जिला विकास अधिकारी के माध्यम से हटवाया गया था। उन्होंने सख्त तेवर अपनाते हुए चेतावनी दी कि आगे से इस प्रकार की शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
