राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों के अनुसार, इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के लिए उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों को टॉयलेट ब्रेक के बाद भी तलाशी और बायोमेट्रिक उपस्थिति से गुजरना होगा। इसके साथ ही अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, स्टाफ सदस्यों और यहां तक कि जलपान परोसने में मदद करने वालों को भी इसी प्रक्रिया से गुजरना होगा। एनटीए निदेशक सुबोध कुमार सिंह ने कहा, "इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अनुचित साधनों के उपयोग या प्रॉक्सी उपस्थिति के कोई मामले न हों। हमारे पास पहले से ही सख्त तंत्र हैं, लेकिन विचार यह सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा को पूरी तरह से सरल बनाना है, जिससे कि कोई घटना न हो। वर्तमान में, एंट्री गेट पर उम्मीदवारों की जांच की जाती है और बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की जाती है। सिंह ने कहा कि यही प्रक्रिया आगे चलकर अन्य परीक्षाओं के लिए भी लागू की जाएगी।

सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र जल्द तय हो जाएंगे। इन केंद्रों के लिए आपत्तियों का समय निकल चुका है। इस दौरान एक भी आपत्ति नहीं हुई है। इससे पहले से निर्धारित 146 केंद्रों पर मुहर लगने की उम्मीद है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से जिले में 158 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए थे। इन केंद्रों में तमाम खामियां थी। कहीं दूरी अधिक थी तो कहीं संसाधनविहीन कॉलेजों को केंद्र बना दिया गया था। इस पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इन केंद्रों को हटाकर उनकी जगह पर नये केंद्र प्रस्तावित किए थे। साथ ही इनकी संख्या घटकर 146 कर दी थी। डीएम ने दोबारा एसडीएम से सत्यापन करवाकर इनकी रिपोर्ट शासन को भेज दी थी। उसके बाद 30 दिसंबर तक इन नये केंद्रों पर आपत्तियां मांगी गई थी। जिसमें किसी भी कॉलेज को लेकर कोई आपत्ति नहीं आई है। इससे उम्मीद है कि जिले से भेजे गये 146 परीक्षा केंद्र पर फाइनल मुहर लग जाने की उम्मीद है। यह दो दिन के अंदर तय हो जाएंगे।

सीतापुर। जिलाधिकारी ने 2024 में शहर व कस्बों की बाजारों की साप्ताहिक बंदी के दिन तय कर दिए हैं। इसके तहत पुराना सीतापुर की दुकानें अब प्रत्येक शुक्रवार को बंद रहेंगी। वहीं, शेष शहर की दुकानों की बंदी रविवार को होगी। इसी तरह कस्बा व तहसीलों की बाजार में बंदी के दिन भी तय किए गए हैं। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि साप्ताहिक बंदी के दिन तय किए गए हैं। बिसवां नगर में मंगलवार, महमूदाबाद में शुक्रवार, लहरपुर में शनिवार, खैराबाद में बुधवार, मिश्रिख में शनिवार, सिधौली में रविवार, पैंतेपुर में मंगलवार, तंबौर में सोमवार, महोली में शनिवार, हरगांव में मंगलवार, रामकोट में बृहस्पतिवार, जलालपुर में बुधवार, मछरेहटा में शुक्रवार, संदना में रविवार, चांदपुर में बुधवार, सरैंया में रविवार, सदरपुर में मंगलवार, कमलापुर में सोमवार, अटरिया में शनिवार, लालपुर में बृहस्पतिवार, मानपुर में रविवार, जहांगीराबाद में शुक्रवार, रेउसा में शनिवार और परसेंडी में रविवार को साप्ताहिक बंदी होगी।

सीतापुर। ...अगर आपको मतदाता पहचान पत्र नहीं मिल पा रहा है या फिर इससे जुड़ी अन्य कोई समस्या है तो यह खबर आपको राहत देगी। जिला प्रशासन ने मतदाताओं की समस्या के समाधान के लिए एक कंट्रोल रूम की स्थापना की है। इस कंट्रोल रूम में मतदाताओं की समस्या का हल घर बैठे ही कर दिया जाएगा। इसकी व्यवस्था निर्वाचन आयोग के निर्देश पर की गई है। इसके तहत कलेक्ट्रेट स्थित जन सुविधा केंद्र में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कोई भी मतदाता कॉल कर समस्या का समाधान कर सकता है। यदि मतदाताओं को उनका नया मतदाता पहचान पत्र प्राप्त नहीं हो सका है। या फिर उनका नाम सूची में दो स्थानों पर दर्ज है। सूची में अंकित विवरण में कोई त्रुटि है तो उन्हें यह कंट्रोल रूम राहत देगा। इसके साथ मतदाताओं की अन्य समस्याओं का समाधान घर बैठे किया जाएगा। हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज कराई गई सभी समस्याओं का तत्काल समाधान कर दिया जाएगा।

सीतापुर। शहर की स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी। शहर के मुंशीगंज व खैराबाद के अर्जुनपुर में पीएचसी बनेंगी। शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। इससे मरीजों को अब सीएचसी पर सामान्य उपचार के लिए निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। शहर में पीएचसी की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। शहर में अभी तक इस्माइलपुर, सदर बाजार व इस्माइलपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इनके जरिए मरीजों को सेवाएं दी जा रही हैं। मरीजों की जरूरत के अनुसार उन्हें जिला अस्पताल व पीएचसी पर निर्भर रहना पड़ता है। नजदीक में कोई स्वास्थ्य केंद्र न होने से मरीजों को काफी दिक्कतें आती थी। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने मुंशीगंज व अर्जुनपुर में पीएचसी बनाने का प्रस्ताव भेजा था। इस पर शासन ने सहमति दे दी है। जल्द ही इनके निर्माण की कवायद प्रारंभ होगी।

सीतापुर। परिषदीय विद्यालय के 1631 सहायक अध्यापकों को जल्द पदोन्नति मिलेगी। इसे लेकर जिले से सूची तैयार है। अब शासन ने शेड्यूल भी जारी कर दिया है। एक सप्ताह के अंदर यह कार्यवाही पूरी हो जाएगी। परिषदीय विद्यालय के शिक्षक काफी समय से प्रमोशन की मांग कर रहे थे। इसके लिए कई बार सूची बनी लेकिन कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। अब शीतकालीन अवकाश में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जिले से 1631 शिक्षकों को प्रमोशन मिलेगा। बीएसए ने यह कार्यवाही पूरी कर ली है। प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक प्रधानाध्यापक बनेंगे। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर प्रमोशन पाएंगे। इससे परिषदीय विद्यालयों में रिक्त प्रधानाध्यापक के पद भर जाएंगे। कार्यवाहक प्रधानाध्यापक का झंझट समाप्त हो जाएगा। छह जनवरी तक इन शिक्षकों को ऑनलाइन विद्यालय आवंटित किए जाएंगे।

सीतापुर। एकमुश्त समाधान योजना की अवधि 16 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। इसके तहत तीसरे चरण का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। इस अवधि तक बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग में एकमुश्त समाधान योजना लागू की गई है। यह योजना तीन चरणों में थी। पहले चरण में सौ फीसदी, दूसरे चरण में 80 व तीसरे चरण में 60 फीसदी लाभ दिया जाएगा। तीसरा चरण 31 दिसंबर 2023 तक चला। आखिर दिन सर्वर स्लो हो जाने के कारण तमाम उपभोक्ताओं को लाभ नहीं मिल सका था। इस पर शासन ने इस योजना की अवधि बढ़ा दी है। अब यह 16 जनवरी तक लागू रहेगी। इस दौरान उपभोक्ताओं को तीसरे चरण का लाभ दिया जाएगा। उपभोक्ताओं के लिए यह अंतिम अवसर है। इसलिए उपभोक्ता अधिक से अधिक इसका लाभ लेना सुनिश्चित करें।

सीतापुर। मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र में परसदा से कालूपुरवा संपर्क मार्ग की सूरत जल्द बदलेगी। इस मार्ग पर 90 लाख रूपये खर्च किए जाएंगे। मिश्रिख विधायक के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने मंजूरी दे दी है। इससे जल्द ही सड़क निर्माण शुरू होगा। इस मार्ग पर आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतें होती है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक से सड़क निर्माण की मांग की थी। विधायक रामकृष्ण भार्गव ने इसका प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग को दिया था। विभाग ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। 90 लाख की लागत से सड़क बनाई जाएगी। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। उम्मीद है एक सप्ताह के अंदर सड़क बनने लगेगी।

सीतापुर। बच्चों, गर्भवती, किशोरियों व महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी केंद्रों का संबंधित अफसर नियमित निरीक्षण करें। कुपोषित बच्चों को पोषित किए जाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएं। यह निर्देश डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक में दिए। डीएम अनुज सिंह ने कहा कि पोषण ट्रैकर एवं होम विजिट का भी रैंडम सत्यापन किया जाए। कुपोषित बच्चों पोषित किए जाने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सर्वश्रेष्ठ पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाए। हाॅट कुक्ड मील योजना को सही ढंग से चलाने के लिए आवश्यक संसाधनों की आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। एमसीपी कार्ड ठीक प्रकार से भरने के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का प्रशिक्षण कराया जाए।

सीतापुर। जिले के 361 विद्यालयों ने अपने यहां पर पढ़ा रहे शिक्षकों की सूचना यू डायस पोर्टल पर नहीं भरी है। शासन की समीक्षा में यह बात सामने आई है। खैराबाद ब्लॉक प्रदेश के फिसड्डी 50 ब्लॉकों में शामिल हुआ। इस पर 10 दिन के अंदर सूचना अपडेट करने के निर्देश दिए है। यू-डायस पोर्टल पर शिक्षक मॉड्यूल के तहत प्रत्येक विद्यालय को जानकारी भरनी होती है। इसमें शिक्षकों का पूरा डेटा भरा जाता है। शासन स्तर से बराबर इसकी मॉनीटरिंग की जाती है। इधर, हुई समीक्षा में मालूम हुआ कि खैराबाद ब्लॉक के 361 विद्यालयों ने अपने यहां पर पढ़ाने वाले शिक्षकों की जानकारी अपडेट नहीं की है। इस ब्लॉक में 427 विद्यालय है। जिसमें 66 ने जानकारी भरी है। 361 विद्यालय अपूर्ण है। इस पर शासन ने सख्त नाराजगी जताई है। 10 दिन के अंदर इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए है।