खंड शिक्षा अधिकारी पर अवकाश के बदले रुपये मांगने का आरोप . शिक्षिका ने मांगा था मातृत्व अवकाश . #हरदोई। मातृत्व अवकाश स्वीकृत करने के बदले खंड शिक्षा अधिकारी के स्तर से रुपये मांगे जाने का मामला तूल पकड़ गया है। शिक्षिका के पति की शिकायत पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पूरे मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है। वहीं बीईओ ने आरोप निराधार बताये हैं। सुरसा विकास खंड के अधीन एक विद्यालय में तैनात शिक्षिका के पति ने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा था कि पत्नी के मातृत्व अवकाश की स्वीकृति के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सुरसा सीमा गौतम की ओर से चार से पांच हजार रुपये की मांग की गई। शिकायत कर्ता का दावा है कि उसके पास खंड शिक्षा अधिकारी के रुपये मांगने के विषय में साक्ष्य भी उपलब्ध हैं। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। इस टीम में खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय और खंड शिक्षा अधिकारी मल्लावां शामिल हैं। इस सम्बन्ध में सुरसा की खंड शिक्षा अधिकारी सीमा गौतम ने बताया कि आरोप पूरी तरह गलत हैं। आरोप का जवाब जांच टीम को दे दिया जाएगा।