गोरखपुर। पिपरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारम्भ सीएमओ डॉ आशुतोष दुबे द्वारा किया गया। सीएमओ की मौजूदगी में विद्यालय के 342 विद्यार्थियों को दवा खिलाई गई । जिले के सभी ब्लॉक के 5001 स्कूलों और 4186 आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के लाभार्थियों को यह दवा खिलाई गई । जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अभिनव कुमार मिश्र ने महानगर के सिविल लाइन आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को दवा का सेवन कराया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बच्चों में स्वस्थ आदतों का विकास करके उन्हें कृमि से बचाया जा सकता है और इससे वह खुशहाल जिंदगी जी सकते हैं । शरीर में कृमि संक्रमण के कारण खून की कमी, कुपोषण, थकावट व बीमारी एवं कमजोरी की दिक्कत हो जाती है । इससे बचाव के लिए प्रत्येक छह माह में खिलाई जाने वाली दवा पूरी तरह से सुरक्षित है। इसी कड़ी में एक फरवरी को दवा खिलाई गई है। इसका सेवन शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सामने ही किया जाना चाहिए। अभियान में किसी कारण दवा न खाने वाले लाभार्थियों के अभिभावक, उनसे जुड़े शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उन्हें पांच फरवरी को मॉप अप राउंड के दौरान इस दवा का सेवन अवश्य करवा दें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने कहा है कि पेट में कृमि संक्रमण को रोकने के लिए बच्चों व किशोर किशोरियों में छह प्रकार की सावधानी जरूरी है । साथ ही उन्हें साल भर में छह-छह माह पर दो बार पेट से कीड़े निकालने की दवा खिलाना आवश्यक है ।