प्रधानमंत्री के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में आनलाइन जुड़ कर लाइव प्रसारण देख सुन कर प्रभावित हुए क्षेत्र के बच्चे। खजनी गोरखपुर।। नई दिल्ली में प्रगति मैदान के समीप भारत मंडपम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान देश भर के स्कूली बच्चों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस लाइव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से परीक्षाओं के दौरान तनाव से बचने और प्रश्नपत्रों को भरपूर आत्मविश्वास के साथ हल करने के लिए बच्चों को प्रधानमंत्री से बेहतरीन प्रेरणा मिली। इस आनलाइन कार्यक्रम का लाइव आयोजन स्कूलों घरों और गांव कस्बों में एक साथ किया गया। पीएम मोदी ने बच्चों को बताया कि कुछ मां-बाप अपने बच्चों के रिपोर्ट कार्ड को अपना विजिटिंग कार्ड बना लेते हैं। उन्होंने बताया कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए अच्छी नींद जरूरी है। साथ ही पढ़ने के साथ-साथ लिखने की प्रैक्टिस जरूर करने की सलाह दी। प्रधानमंत्री मोदी ने शिक्षकों को टिप्स देते हुए कहा कि बच्चों के तनाव को कम करने में शिक्षक की अहम भूमिका होती है। इसलिए शिक्षक और छात्रों के बीच हमेशा सकारात्मक रिश्ता रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने दोस्त से द्वेष नहीं प्रेरणा लीजिए, इस प्रकार देश भर के बच्चों को मोदी का गुरुमंत्र मिला। पढ़ाई पर मम्मी-पापा की टोका-टाकी पर मोदी ने जब अपने दिल की बात कही तो बच्चों ने खिलखिलाते हुए खूब तालियां बजाईं। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम सुनने वाले क्षेत्र के बच्चों अनामिका, शौर्य, बिट्टू, प्रखर, तन्मय, छोटी,मुस्कान,अवंतिका,रौशन, सोनू,अखिल,कान्हा,आर्य, माधव, राघव आदि ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से बहुत उर्जा मिली है और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा अच्छा परिणाम प्राप्त करेंगे।
