ग्रामप्रधान के भाई से मारपीट करने वालों पर गैर इरादतन हत्या केस दर्ज। स्थानीय ग्रामप्रधानों और व्यापारियों ने जताया रोष। खजनी गोरखपुर।। कस्बे में खुटभार गांव के ग्रामप्रधान अर्जुन जायसवाल के बड़े भाई शत्रुघ्न जायसवाल को मारपीट कर अधमरा करने वाले दबंग युवकों के खिलाफ पुलिस ने बलवा और गैर इरादतन हत्या समेत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, और कार्रवाई में जुट गई है। खजनी थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 28/2024 की धारा 323,452,308,504,506 में केस दर्ज कर लिया है। इस बीच आज खजनी कस्बे के दर्जनों व्यापारियों और ग्रामप्रधानों ने क्षेत्राधिकारी खजनी ओंकार दत्त तिवारी से मिल कर घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए रोष जताया। स्ट्रीट बज से बातचीत के दौरान व्यापारियों और ग्रामप्रधानों ने बताया कि दबंग युवकों के द्वारा पहले भी इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। जिससे व्यापारियों में भय है, यदि कठोर कार्रवाई नहीं होती है तो जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से फरियाद करने में भी हम पीछे नहीं हटेंगे। क्षेत्राधिकारी ने दोषियों के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
