जिलाधिकारी ने स्कूलों को 13 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। बढ़ती सर्दी और कोहरे को देखते हुए गोरखपुर के जिला अधिकारी कृष्ण करूणेश ने कक्षा नर्सरी से 12 वीं तक सभी स्कूल 13 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। बता दें कि इससे पहले छुट्टियों का आदेश जारी करने से पहले ज़िले में 10 जनवरी तक स्कूल बंद के आदेश जिलाधिकारी ने दिए थे। लेकिन सर्द हवाएं शीतलहर और कोहरा इतना बढ़ गया है कि डीएम को अगले 3 दिन के लिए स्कूल बंद करने के आदेश को बढ़ाना पड़ा है। जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है कि जिले में सभी कक्षा नर्सरी से लेकर 12 वीं तक मान्यता प्राप्त सीबीएसई, आईसीएसई, बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल अत्यधिक ठंड को देखते हुए 13 जनवरी तक बंद रहेंगे। अगर कोई स्कूल नियमों का पालन नहीं करता है तो स्कूल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले के बीएसए और डीआईओएस को आदेश का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश देते हुए आदेश पत्र में कहा गया है कि जिन विद्यालयों में प्रैक्टिकल और प्री बोर्ड परीक्षा संचालित हैं, उन सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को कक्षा में ही बैठाकर परीक्षा कराया जाए। बाहर खुले में विद्यार्थियों को नहीं बैठाया जाएगा। विद्यार्थियों को ठण्ड से बचाव हेतु प्रत्येक कक्षा में तापमान सामान्य बनाए रखा जाए, जिसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विद्यालय प्रबन्धन द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। जहाँ सम्भव हो वहाँ विद्यालय प्रबंधन द्वारा कक्षाओं का संचालन ऑन लाइन माध्यम से कराया जा सकता है। उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।