खजनी गोरखपुर।। हमारा संकल्प विकसित भारत अभियान में क्षेत्र के हरदी चक गांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक श्रीराम चौहान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने गौरवशाली अतीत की परंपराओं पर गर्व करना चाहिए। देश हित में एकता का परिचय देते हुए हम सभी को आपस में सम्मान के साथ एक साथ मिलकर चलना है और आगे बढ़ना है। भारत में महिलाओं को देवी माना जाता है उनकी पूजा की जाती है माताओं बहनों का सम्मान किया जाता है। किंतु वर्षों तक गुलामी की जंजीरों में जकड़ा रहने वाले अपने देश की संस्कृति और सभ्यता को गहरा आघात लगा है। एक बार पुनः हम उठ खड़े हुए हैं अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, इलाहाबाद पुनः अपने पौराणिक प्रयागराज का नाम पा चुका है। विश्वनाथ काॅरीडोर का निर्माण, ज्ञानवापी का मसला सुलझ गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि भी न्यायालय के फैसले के इंतजार में है। गुलामी के दिनों को भुलाकर हमें अपनी विरासत को संभालते हुए फिर एक बार विश्वगुरु बनने के लिए तैयार हो रहे हैं। भारत ने सदियों तक दुनियां को राह दिखाई है। हमें अपनी गौरवशाली परंपराओं पर अभिमान करना होगा। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का बखान किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल उपाध्यक्ष रामवृक्ष सिंह ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग,एनआरएलएम, पंचायत राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कैंप लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारियां दी। लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और आयुष्मान हेल्थ कार्ड दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष धरणीधर राम त्रिपाठी किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री रत्नेश पांडेय ग्राम प्रधान पूनम सिंह सुरेंद्र सिंह ग्राम पंचायत सचिव एडीओ पंचायत एडीओ कृषि एडीओ आईएसबी पंचायत सहायक पंचायत मित्र आंगनवाड़ी आशाएं समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।