टंडवा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर -कठौतिया रेलवे लाइन के निर्माण कार्य मे ब्रिज निर्माण करा रही मिलेनियम नामक कंपनी के साईट पर लापरवाही के कारण हुई दुर्घटना में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह उक्त घटना तब हुई जब लगभग दो दर्जन मजदूर रक्शी गांव के मातु आहर के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज संख्या 99 के तीन नंबर पैकेज में काम करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान ब्रिज का सरिया अचानक धराशाई हो गया‌। इस घटना में ब्रिज में कार्य कर रहे एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिमरिया रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया,जहां से दो मजदूरों की गम्भीर हालत को देखते हुए हजारीबाग मेडिकल कॉलेजे अस्पताल रेफर कर दिया गया है।वहीं अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज किया जा रहा है। घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूरों की पहचान राय निवासी किटकु महतो के 35 वर्षीय प्रदीप कुमार व पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के तिलरा गांव निवासी गांठों महतो के पुत्र चेतलाल महतो के रूप में की गई। घटना के बाद कंपनी के इंजीनियरिंग पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। जानकारों का कहना है कि कंपनी के ब्रिज में कार्य कर रहे मजदूरो की सुरक्षा से संबंधित कोई भी मापदंड अपनाये नहीं गये हैं। मिलेनियम कंपनी रक्शी से गिद्धौर के दुवारी तक 29 किलोमीटर रेल लाइन के निर्माण कार्य में जुटी हुई है। बताया गया कि पत्थलगड्डा की ओर से लगभग 10 किलोमीटर तक का निर्माण कार्य पूरा हो भी चुका है। घटना के बाद कंपनी के कामगार मौके से फरार बताए जा रहे हैं।