जिले की ताराटांड़ थाना पुलिस ने आज शुक्रवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 29 गोवंश से लदे मालवाहक वाहन को जब्त किया। मालवाहक वाहन ट्रक में जैसे तैसे क्षमता से अधिक गोवंश लोड देख कर थाना के कई पुलिस कर्मी भी आज बबूला हुए। हालांकि पुलिस को देख कर ट्रक चालक फरार हो गया। वहीं दौरान ताराटांड़ थाना पुलिस ने गोवंश लोड ट्रक को जब्त कर थाना ले गई और ट्रक में लोड सारे गोवंश को पचम्बा गोपाल गोशाला परिसर भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार गोवंश लोड ट्रक गांडेय से होते हुए धनबाद के निरसा जा रहा था। इसी दौरान एसपी दीपक कुमार शर्मा को मिले गुप्त सूचना के आधार पर ताराटांड़ थाना प्रभारी प्रदीप महतो ने थाना क्षेत्र के जबरदाहा के समीप छापेमारी कर 29 गोवंश लोड ट्रक को जब्त किया। पुलिस के अनुसार गोवंश लोड ट्रक धनबाद के निरसा होते हुए बंगाल गो तस्करो के ठिकानों पर पहुंचाया जा रहा था। इससे पहले ही पुलिस ने छापामारी कर उक्त ट्रक को जब्त कर लिया।