गिरिडीह : कायस्थों की अग्रणी संस्था राष्ट्रीय कायस्थवृन्द का होली मिलन समारोह आगामी 28 फरवरी को होगा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कायस्थवृन्द का होली मिलन समारोह गिरिडीह के जेपी नगर स्थित चित्रांश भवन में आयोजित होगा। उक्त जानकारी राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के जिला सचिव संजीव कुमार सिन्हा "सज्जन" एवं जिलाध्यक्ष एम के वर्मा ने संयुक्त रूप से दी। पदाधिकारी द्वय ने बताया कि राष्ट्रीय कायस्थवृन्द हर वर्ष पारिवारिक होली मिलन समारोह आयोजित करता है। जिसमे समाज से जुड़े महिला- पुरुष और बच्चे शामिल होकर फगुआ गीतों का आनंद लेते है और पकवान आदि का लुत्फ उठा एक दूसरे को गुलाल लगा होली त्यौहार की बधाई देते हैं। इस वर्ष 28 फरवरी को संध्या 5 बजे से यह समारोह आयोजित होगा जो देर शाम गये तक जारी रहेगा। राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के पदाधिकारी द्वय ने चित्रांश समाज से जुड़े सभी लोगों को उक्त होली मिलन समारोह में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि होली मिलन समारोह में राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी मुख्य रूप से शामिल रहेंगे।