ढाईघाट मेले का प्रमुख पर्व मौनी अमावस्या कल (आज),बड़ी संख्या में गंगातट पर पहुंच रहे श्रद्धालु संवाद न्यूज़ एजेंसी मिर्ज़ापुर। ढाईघाट माघ मेले का दूसरा प्रमुख पर्व मौनी अमावस्या कल (आज) है। मौनी अमावस्या पर्व की पूर्व संध्या पर तमाम श्रद्धालु बृह्ममुहूर्त में मौन रहकर गंगास्नान की कामना से गंगातट पर पहुंच रहे हैं। मेला प्रशासन ने मेले में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। बड़े यात्री वाहनों को पार्किंग स्थल पर पार्किंग करवाया जा रहा है। मेले में कल्पवास कर रहे साधु-संतों और श्रद्धालुओं के अलावा बड़ी संख्या में गंगा प्रेमी मौनी अमावस्या पर्व पर गंगास्नान करने आते हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि मौनी अमावस्या पर्व पर बृह्ममुहूर्त में मौन गंगास्नान करने का विशेष महत्व है। मौनी अमावस्या पर्व पर बृह्ममुहूर्त में मौन गंगास्नान करने के लिए जिले के अलावा बड़ी संख्या में लखीमपुर-खीरी,पीलीभीत,हरदोई,बदायूं,फरुखाबाद,एटा,इटावा,मैनपुरी आदि जिलों के श्रद्धालु विभिन्न वाहनों से गंगातट पर आ रहे हैं। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला पूरी रात चलता रहेगा। मेले में फरुखाबाद की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को गंगा पुल के दक्षिणी छोर पर फरुखाबाद जिले के शमशाबाद थाने के थाना प्रभारी बलराज भाटी नियंत्रण के रहे हैं। जबकि शाहजहांपुर जिले की ओर से आने वाले वाहनों को थाना प्रभारी मिर्ज़ापुर विनोद कुमार तोमर नियंत्रित कर रहे हैं। जलालाबाद-ढाईघाट स्टेट हाईवे पर ढाईगांव में स्थित बिछिया छुट्टी नदी पर बने संकरे पुल पर वन वे ट्रैफिक चलाने के लिए दोनो ओर पुलिस तैनात की गई है। जिससे पर्व पर ढाईघाट जाने आने वाले वाहनों से जाम न लगे। फरुखाबाद और शाहजहांपुर प्रशासन की ओर से मेले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गयी है। जिला पंचायत प्रशासन ने भी गंगाघाटों पर मजबूत बेरिकेटिंग के साथ गोताखोर तैनात कर दिए हैं। यही नहीं श्रद्धालुओं के सुरक्षित गंगास्नान के लिए पीएसी की फ्लड यूनिट के जवान तीन मोटरबोट से निगरानी करेंगे।