शिविर में मंचासीन चिकित्सक व विद्यालय प्रधानाचार्य। एसवीएम में लगा स्वास्थ्य शिविर, किया परीक्षण खागा/फतेहपुर स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक बीडीएस डॉ. अमित कुमार गुप्ता एवं एमबीबीएस डॉ. अमन सिंह को आमंत्रित किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह ने दोनों चिकित्सकों का बैज अलंकरण करते हुए अंग वस्त्र भेंट किया। शिविर की प्रथम कड़ी के रूप में डॉ. अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि दांत शरीर के महत्वपूर्ण अंग होते हैं इसलिए दांतों की ओरल हाइजीन का स्वस्थ होना अति आवश्यक है इसलिए सभी भैया बहनों को दिन में दो बार दांतों को साफ करना चाहिए। डॉ. अमित गुप्ता ने दांतों को किस प्रकार से साफ करना है इस संबंध में भी भैया बहनों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। डॉ. अमन सिंह ने भी भैया बहनों के स्वास्थ्य का औचक निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियां व सुझाव भैया बहनों को प्रदान की। विद्यालय के चिकित्सा प्रमुख होने के नाते अनिल की भी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर को संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के खेलकूद प्रमुख राम अवतार मौर्य ने भैया बहनों के वजन एवं ऊंचाई के मापन का कार्य भी सम्पादित किया। विद्यालय प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह ने दोनों चिकित्सक महानुभावों का आभार प्रकट किया।
