शिकायत पर लेखपाल के विरुद्ध कार्यवाही के आदेश चैडगरा, फतेहपुर। औग थाना क्षेत्र के कस्बे निवासी वेदबृत पुत्र बालगोविंद ने तहसील बिन्दकी में समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी को अवैध कब्जे की लिखित शिकयत की है जिसमें राजस्व ग्राम औंग के गाटा संख्या 150 सरकारी भूमि हनुमान मंदिर की जमीन पर अवैध रूप से दुकान व मकान बने होने का जिक्र करते हुए कहा है कि न्यायिक तहसीलदार बिन्दकी ने उपरोक्त कब्जेदार के विरुद्ध धारा 67 के अन्तर्गत आर्थिक दण्ड लगाकर आर0सी0 जारी करने के साथ बेदखली का आदेश भी किया था इसके बावजूद लेखपाल के द्वारा लगातार इसे बचाया जा रहा है । जिस पर डीएम सी0 इंदुमती ने एसडीएम बिन्दकी को मामले की जांच कर लेखपाल को निलम्बित करने के आदेश दिए हैं। कस्बे में लेखपाल के निलम्बन व अवैध कब्जा खाली कराए जाने के आदेश की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई जिसमें अधिकांश ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ गाटा संख्या 150 को ही क्यों जितने भी यहां पर सरकारी जमीन में अवैध कब्जे हैं सभी खाली होने चाहिए । नवीन परती की गाटा 782 , परिक्रमा मार्ग की गाटा संख्या 888 , 895 , 956 , 969 व्यक्तिगत भूमि की गाटा 151 तथा चकमार्ग की गाटा 756 पर अवैधानिक रूप से बनी बिल्डिंगों पर भी कार्यवाही की आवश्यकता है। जिस पर भी तहसील प्रशासन की चुप्पी दिख रही है।
