मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2024 के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय मतदाता दिवस समारोह की तैयारियां की जा रही है। जिसके क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निधि श्रीवास्तव द्वारा मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। उन्होंने कहा कि चौदहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम ’’वोट जैसा कुछ नहीं, वोट ज़रूर डालेंगे हम’’ (Nothing like voting, I vote for sure) है। 25 जनवरी 2024 को आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2024 की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाय। 23 जनवरी 2024 को एक वॉकथॉन एवं पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन भव्यता एवं मतदाता जागरूकता के साथ आयोजित किया जाये। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इंदिरागांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में एन०एस०एस०, स्काउट एण्ड गाइड, नेहरू युवा केन्द्र, एन०सी०सी० द्वारा आयोजन स्थल पर रंगोली, मेहंदी, पेन्टिंग आदि प्रतियोगिता तथा स्टॉल लगाया जाये।