सीतापुर। लोकसभा चुनाव के दौरान नामाकंन, मतदान से लेकर मतगणना तक अफसरों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगनी है। इसके लिए विभागवार कार्मिकों का डाटा बेस फीड करके लॉक किया जाना है। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अफसरों को जानकारी दी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी के बाद जिला सूचना विज्ञान अधिकारी पांच जनवरी को सभी कार्यालयाध्यक्षों को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद डाटा बेस फीडिंग का काम शुरू होगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न कार्यों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। चुनाव में सर्वाधिक महत्वपूर्ण काम मतदान कार्मिकों की तैनाती का होता है। इस कार्य के लिए सीडीओ निधि बंसल को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
