बाइक की टक्कर से फेरीवाले की मौत, युवक घायल . फतेहपुर। बाइक सवार की टक्कर से रोड पार कर रहे फेरीवाले की शनिवार शाम मौत हो गई। बाइक सवार भी घायल हो गया। जिला अस्पताल से बाइक सवार को कानपुर हैलट रेफर किया गया है। कानपुर सरसौल थानाक्षेत्र के महाराजपुर मदारीखेड़ा निवासी गुलाब बंजारा (60) परिवार के साथ बकंधा मोड़ पर रईश कबाड़ी की दुकान के पीछे रहता था। वह परिवार समेत सिंदूर की फेरी लगाता था। वह शाम को बकंधा मोड़ पर रोड पार कर रहा था। बाइक सवार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने गुलाब को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर मृतक का पुत्र जुम्मन बंजारा पहुंचा। घायल बाइक सवार औंग थाना क्षेत्र के करचलपुर गांव निवासी लवकुश दिवाकर है। सदर अस्पताल चौकी प्रभारी शिशिर सिंह ने बताया कि घायल को कानपुर हैलट रेफर किया गया है।