हादसे में विक्रम सवार मासूम समेत दो की मौत फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के सरांय खरगू मोड़ के समीप शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से विक्रम सवार मासूम बच्चे की मौत हो गई वहीं पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां एक की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के लिए रेफर कर दिया जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार खरगू सरांय गांव निवासी अनवर की पत्नी मुस्तकीना अपने मासूम पुत्र अलतमश का इलाज कराने के लिए अल्लीपुर आई थी। वापस लौटते समय वह विक्रम में बैठी थी। जैसे ही वह गांव के समीप मोड़ पर पहुंचा तभी ट्रक ने टक्कर मार दिया जिससे मासूम समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गये। घायलांे में सवानी को उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर परिजन मासूम को लेकर सदर अस्पताल आ रहे थे तभी रास्ते में बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
