युपी फतेहपुर खागा, । कोतवाली से शनिवार को पाक्सो का आरोपित पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया। घटना से कोतवाली में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कई स्थानों में दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। 13 नवम्बर को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को नगर निवासी राजू अगवा कर ले गया था। परिजनों ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था। लोकेशन अनवरगंज (कानपुर) मिलने पर 21 दिसंबर को पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को पकड़ते हुए किशोरी को बरामद किया था। पुलिस ने किशोरी को परिजनों के पास भेजते हुए आरोपित को हिरासत में लिया था। शनिवार भोर आरोपित बहाने सेे कोतवाली के पीछे बने शौचालय में गया। जहां से वह फरार हो गया। आरोपित को भागने की जानकारी से कोतवाली में अफरा तफरी मच गई। कई टीमें उसकी तलाश के लिए नगर में दौड़ी लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के बाबत सीओ बृजमोहन राय ने बताया कि पुलिस आरोपित की तलाश करते हुए जांच पड़ताल में जुटी है। लापरवाह कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के लिए लिखापढ़ी की जाएगी।