अब विदेशी पकवान खाने के लिए कहीं बाहर जाना नहीं पड़ेगा। अब आसानी से सीतापुर के सिधौली में मिल जाएगा और फायदा इतना कि कुछ कहने को नहीं क्योंकि यहां हर चीज का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कस्बे में बस स्टॉप के सामने रेल विभाग द्वारा तैयार किया जा रहा कोच रेस्टोरेंट अप्रैल माह में शुरू हो जाएगा। नगरवासियों के साथ ही गुजरने वाले यात्रियों को भी रोचक माहौल में जायकेदार भोजन मिलने लगेगा। इस रेस्टोरेंट में अवधी, दक्षिण भारतीय व अन्य देशी व्यंजनों के साथ विदेशी पकवानों का भी स्वाद चखने को मिलेगा। रेल मंत्रालय के इस अभिनव प्रयोग के तहत लखनऊ मंडल के तीन स्टेशनों का चयन किया गया है। जिसमें गोरखपुर, गोमतीनगर और सिधौली शामिल है। इस रेस्टोरेंट को 2.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। कोच रेस्टोरेंट में दो रेल के डिब्बों को रेस्टोरेंट का रूप दिया जा रहा है। रेलवे यात्रियों के खानपान का विशेष ध्यान रखने के साथ ही राजस्व अर्जन के विकल्प के रूप में कोच रेस्टोरेंट स्थापित कर रहा है।