बहराइच। जिले के 14 ब्लॉकों की 145 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को जल्द ही सोलर लाइटों की सुविधा मिलेगी। खासकर जंगल से सटे तेंदुआ प्रभावित गांवों में यह लाइटें लगाई जाएंगी। इससे रात के समय लोगों को रोशनी मिल सकेगी जिससे वे गांव के आसपास आने वाले जंगली जानवरों पर नजर रख सकेंगे। डीएम के निर्देश पर पंचायती राज विभाग द्वारा यह कार्य कराया जाएगा।डीएम मोनिका रानी की पहल पर सभी 14 विकास खंडों की 145 ग्राम पंचायतों में जिला योजना के तहत 38 लाख 51 हजार 302 रुपये की लागत से 182 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए पंचायती राज विभाग द्वारा एक लाइट पर 14,061 की दर से 25 लाख 59 हजार 102 रुपये की धनराशि उत्तर प्रदेश नेडा को आवंटित की गई है। जबकि शेष धनराशि 12 लाख 92 हजार 200 रुपये का इंतजाम नेडा करेगा।
