ट्रक और लोडर की सीधी भिंडत में लोडर चालक की मौत . जहानाबाद। सरकारी अनाज लेकर रहे ट्रक और दुग्ध वाहन लोडर की गुरुवार को सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में लोडर चालक की मौत हो गई। लोडर में फंसने से खलासी को चादर काटकर बाहर निकाला जा सका। हालत गंभीर देखकर सीएचसी से डाक्टर ने खलासी को कानपुर हैलट रेफर किया है। चांदपुर थाने के सरहनखुर्द निवासी मोहित पाल (25) लोडर चालक था। उसके साथ गांव का शशिकांत (18) खलासी है। वह लोडर में दूध लेकर खजुरिया की ओर से जहानाबाद आ रहे थे। जहानाबाद थाना क्षेत्र के रोशनपुर गांव के पास सरकारी अनाज लेकर जा रहे ट्रक और लोडर में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। लोडर में चालक और खलासी फंसे थे। पुलिस ने कटर की मदद से चालक और खलासी को बाहर निकाला। दोनों को सीएचसी जहानाबाद लाया गया। यहां डाक्टर ने चालक मोहित पाल को मृत घोषित कर दिया। खलासी शशिकांत की हालत गंभीर देखकर कानपुर हैलट रेफर किया। थानाध्यक्ष अनुरुद्ध द्विवेदी ने बताया कि चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला है। रिपोर्ट दर्ज की गई है।