संडीला नगर के लखनऊ रोड स्थित यूपिका बिक्री केंद्र व नए यूपिका सामुदायिक उत्सव केंद्र का बुधवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष प्रबंध समिति यूपिका अमरेश प्रसाद कुशवाहा ने फीता काटकर शोरूम का उद्घाटन किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा की यूपिका इस भवन में 32 साल पहले बुनकरों द्वारा कपड़ों का निर्माण करती थी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यहां पर काम बंद हो जाने से यह खाली पड़ा था। यूपिका यहां पर अपना नया शोरूम के साथ ही एक उत्सव केंद्र भी खोल रही है। इस शोरूम में बुनकरों से बने कपड़ों की बिक्री की जाएगी इसके अलावा सामुदायिक उत्सव केंद्र का उपयोग सभी सामाजिक कार्यों के लिए विशेष दर पर किराए पर दिया जाएगा। प्रबंध निदेशक यूपिका कानपुर कैलाश प्रताप वर्मा ने बताया कि बुनकरों के सामाजिक आयोजनों पर दस प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इस अवसर पर अध्यक्ष रईस अंसारी, वरिष्ठ प्रबंधक यूपिका संजय कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक आलोक लाल श्रीवास्तव व जावेद फजल, उपाध्यक्ष हफीजुद्दीन, शराफत, लोकेश सैनी सहित बुनकर समाज के लोग मौजूद रहे।
