लव किराना एण्ड मिष्ठान भंडार में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख। खंडासा थाना क्षेत्र के अमरगंज बाजार में स्थित लव किराना एंव मिष्ठान भंडार की दुकान में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जिससे दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों व फायर ब्रिगेड की टीम की कड़ी मशक्कत के बाद बेकाबू आग पर काबू पाया गया। बता दे कि खंडासा थाना क्षेत्र के अमरगंज तिराहे पर लव कुमार गुप्ता की लव किराना एंड मिष्ठान भंडार की दुकान स्थित है। दुकान का कामकाज समाप्त करने के बाद रोज की तरह रात को ताला बंद करके दुकान संचालक घर पर सोने चला गया। दुकान के सामने बरामदे में दुकान संचालक के पिता राम अचल गुप्ता सो रहे थे। तभी रात में बंद दुकान से धुआं दिखाई दिया। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा दुकान संचालक को दी गई। जिस पर दुकान खोलकर देखा तो अंदर भीषण आग लगी थी। जिसकी सूचना दुकान संचालक तथा स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया तब तक दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया था। वहीं स्थानीय लोगों की माने तो विद्युत शार्ट सर्किट से लगी आग में लाखों का सामान जल कर खाक हो गया है।