दीपावली और छठ पूजा में ट्रेनों में आरक्षित टिकट नहीं मिल रहा है। जनरल और एसी कोच में यात्रा कर पाना संभव नहीं है। अभी से दिल्ली, मुंबई, गुजरात से आने वाली ट्रेनों में खचाखच यात्री भरे हुए नजर आ रहे हैं। इस कारण जिले के लोगों को निजी बसों में बुकिंग करानी पड़ रही है। दीपावली के त्योहार में रोडवेज की चार में तीन बसों को दिल्ली में प्रवेश नहीं मिलेगा। इस कारण भी निजी बस संचालकों को किराया बढ़ाने का अवसर मिल गया है। दीपावली पर्व 12 नवंबर और छठ पूजा का उत्सव 19 नवंबर होगा। तीन ट्रेनें जिले से होकर दिल्ली जाती हैं। इसमें चंपारण हमसफर एक्सप्रेस दो दिन, कटिहार स्पेशल एक दिन और गोरखपुर हमसफर चार दिन जाती है। दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में चंपारण हमसफर की सभी श्रेणी में 31 अक्तूबर से वेटिंग टिकट मिल रहा है। जबकि दीपावली के पहले 10 नवंबर को कोई टिकट नहीं मिल रहा है।
