हमीरपुर।सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से दोपहर तक जलाभिषेक के लिए लाइन नहीं टूटी। मंदिरों पर पूजा-अर्चना करने वालों की भीड़ पूरे दिन लगी रही। सिंहमहेश्वर व पतालेश्वर महादेव मंदिर सहित प्रमुख शिवालयों पर सांकेतिक रूप से मेला व धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।जगह जगह भंडारा के आयोजन में श्रद्धालुओं ने जमकर प्रसाद ग्रहण किया। वर्षों बाद संयोगवश इस वर्ष सावन के आठ सोमवार होने से पूरे दो माह भोले भक्तों ने शिवालयों में भक्तिभाव से महादेव की आराधना की।श्रावण माह के आखिरी आठवें सोमवार को मुख्यालय के पतालेश्वर, सिंहमहेश्वर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से शाम तक बम भोले व हर-हर महादेव की जयकार गूंजती रही। मंदिरों में शिव भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। देवाधिदेव महादेव के दर्शन पूजन और जलाभिषेक के लिए सुबह से दूध व गंगाजल से जलाभिषेक शुरू हो गया था। इस दिन शिव भक्तों ने फूल, बेलपत्र, धतूरा व फल के साथ पूजा- अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्ति की धुन लोगों को भावविभोर करती रही।वहीं पतालेश्वर व सिंहमहेश्वर महादेव मंदिर सहित जगह जगह भंडारा का आयोजन किया गया।जिसमे श्रद्धालुओं ने जमकर प्रसाद ग्रहण किया।आखिरी सोमवार को भीड़ को देखते हुए शहर के शिव मंदिरों में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के साथ ही सिविल डिफेंस की टीम जगह-जगह मुस्तैद रही।