बिहार राज्य के नालंदा जिला से संतोष कुमार मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते हैं कि नवरात्र के पहले दिन नार्थ ईस्ट की ओर आने-जाने वाले पटना के विमान यात्रियों को बड़ा तोहफा मिला। विमान कंपनी स्पाइस जेट ने बुधवार को पटना से गुवाहाटी के बीच विमान सेवा की शुरुआत की। पटना एयरपोर्ट पर बुधवार को वाटर सैल्यूट देकर विमान व क्रू सदस्यों का स्वागत किया गया। मौके पर चालक दल और अन्य सदस्यों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। पटना एयरपोर्ट के निदेशक राजेन्द्र सिंह लाहौरिया ने बताया कि बुधवार को विमान संख्या एसजी 461 पटना एयरपोर्ट पर उद्घाटन स्पेशल के तौर पर सुबह 9.33 बजे उतरी। उन्होंने कहा कि पटना एयरपोर्ट से नार्थ ईस्ट के लिये यह पहली फ्लाइट है। कामाख्या देवी के दर्शन के लिये पटना से हजारों यात्रियों का आना-जाना होता है। इस नई फ्लाइट से बिहार व नार्थ ईस्ट के बीच धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के नए द्वार खुलेंगे।
