बिहार राज्य के नालंदा जिला के हिलसा प्रखंड से रंजन जी मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते है कि राज्य में 13 जिलों के किसान अपने उत्पाद ऑनलाइन बेचेंगे। किसानों के उत्पाद को बेचने के लिए सरकार ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत करने जा रही है। इसका नाम ई-रकम रखा गया है। इसके लिए केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्रालय और जीविका के साथ एमओयू साइन हुआ है। जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बालामुरुगन डी. ने बताया कि जीविका के साथ 4 जनवरी को एमओयू साइन हो गया है। पहले चरण में इसी माह के अंत तक जमुई से इसकी शुरुआत होगी। मक्के से हो रही है शुरुआत : राज्य में मक्के की खरीदारी से इसकी शुरुआत हो रही है। बाद में सभी फसलों को ई-रकम सेंटर के माध्यम से बेचा जाएगा। ई-रकम सभी किसान उत्पादक संगठन वाले जिलों में खोले जाएंगे। ई-रकम सेंटर पर किसान अपने उत्पाद का नमूना रखेंगे। ई-रकम सेंटर के कर्मचारी कृषि उत्पाद की गुणवत्ता जांच करेंगे। गुणवत्ता जांच करने के बाद ई-रकम पोर्टल पर फोटो के साथ अपलोड कर दिया जाएगा। ई-रकम के जरिए किसान अपने उत्पाद सीधे बेच सकेंगे। ऐसे में बिचौलिये व कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा। किसान श्री पुरस्कार से सम्मानित अमरजीत सिंह ने बताया कि ऐसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे नगदी फसलों का भी उचित मूल्य मिलेगा।
