बिहार राज्य के नालंदा जिला के हिलसा प्रखंड से रंजन जी मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते है कि राज्य के 814 अनुदानित मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी अब मध्याह्न भोजन मिलेगा। शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने सोमवार को यह निर्णय लिया। उन्होंने अतिशीघ्र अनुदानित 814 मदरसों में नामांकित और उपस्थित बच्चों को मिड डे मील उपलब्ध कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया। शिक्षा मंत्री के इस आदेश से इन मदरसों में पढ़ने वाले करीब एक लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।शिक्षा विभाग के प्रवक्ता अमित कुमार ने मंत्री के निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से 814 मदरसों की जिलावार सूची मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक को उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि विभाग के स्तर पर लिए गए इस निर्णय के कार्यान्वयन के लिए निदेशक के स्तर से कार्रवाई की जा सके। इन सभी मदरसों में अनाज आदि की व्यवस्था होने और जिलों को मध्याह्न भोजन का परिवर्तन मूल्य उपलब्ध कराने के साथ ही यहां मिड डे मील का वितरण शुरू हो जाएगा। परिवर्तन मूल्य की राशि से चावल को छोड़कर अन्य सभी सामग्री की व्यवस्था की जाती है। इस माह के अंत तक सभी 814 अनुदानित मदरसों में बच्चों को दोपहर का भोजन मिलने लगेगा।गौरतलब है कि राज्य सरकार का यह सैद्धांतिक निर्णय है कि वैसे सभी प्रारंभिक विद्यालय जिसे सरकार द्वारा वित्तीय सहायता दी जाती है, वहां मध्याह्न भोजन योजना संचालित हो। राज्य के 1128 अराजकीय प्रस्वीकृत मदरसों में पूर्व से ही मध्याह्न भोजन योजना चल रही है।
