जिले के घाट कुसुंभा प्रखंड के भदौंस गांव में घरेलू विवाद को लेकर दो सहोदर भाइयों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटना में दोनो पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घटना में घायल 40 वर्षीय जयराम सिंह और उनकी 36 वर्षीय पत्नी नीलम देवी को इलाज हेतु बीती रात्रि सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया। जिन्हे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया। जबकि घटना में घायल छोटे भाई 30 वर्षीय चंदन सिंह का इलाज अन्यत्र किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि घायल लोग लखीसराय जिला अंतर्गत खुटहा गांव के मूल निवासी है। कुछ वर्ष पहले ये लोग भदौंस गांव में आकर बस गए थे। सूत्रों ने बताया कि दोनो भाई गांव में एक ही घर में रह रहे है। सूत्रों ने बताया कि खुटहा गांव में एक निःसंतान चाची की मौत होने के बाद उनके नाम का जमीन अपने नाम लिखवाने में रूपयो को लेकर हुए विवाद को लेकर दोनो भाई आपस में भिड़ गए। घटना के दौरान दोनो तरफ से जमकर लाठियां चली। घटना के संबंध में सिरारी ओपी अध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक महेश सिंह ने बताया कि इस घटना के संबंध में कोई लिखित शिकायत पुलिस को नही मिली है। उन्होंने बताया कि घटना में घायल दंपति को पावापुरी रेफर कर दिए जाने के कारण उनका फर्द बयान नहीं लिया जा सका। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी। उधर घटना के बाद दोनो भाईयो के बीच तनाव व्याप्त है।इस खबर को सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।