बीती देर रात्रि चार की संख्या में बदमाशों ने सदर प्रखंड के बिहटा गांव के समीप संचालित एक ईंट चिमनी भट्ठा पर धावा बोलकर भट्ठा पर काम करने वाले यूपी के दो मजदूरों को बंधक बनाकर मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। घायल दोनो मजदूरों में शिवदर्शन , 65 वर्ष और सूरज उर्फ शिव कुमार ,30 वर्ष उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिला के रहनेवाले हैं। घटना के दौरान बदमाशों ने लोहे के रॉड से प्रहार कर शिव दर्शन का पैर बुरी तरह तोड़ डाला। इस घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश भाग निकले। इन दोनो घायल मजदूरों के कराहने की आवाज सुनकर ईट भट्ठा पर रहने वाले और दूसरे मजदूर इनके पास आए और रात में ही घटना की खबर भट्ठा उद्योग के मालकिन मंजू देवी को मोबाइल से दी। तब जाकर बगल के गांव मंदना से भट्ठा मालकिन कुछ लोगों के साथ घटना स्थल पर पहुंची और दोनो घायल मजदूरों को सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया। घटना के संबंध में एक प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज कराई गई है।इस बाबत हथियामां ओपी अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दर्ज कराई गई प्राथमिकी में मंदना गांव के सीताशरण यादव के पुत्र राज आर्यन और तीन अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि ईंट भट्ठा मालकिन और अभियुक्त बनाए गए राज आर्यन के बीच पूर्व से आपसी बंटवारा विवाद चल रहा है।पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।इस घटना में अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।इस खबर को सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।