निकटवर्ती नालंदा जिला अन्तर्गत अस्थावां थाना क्षेत्र के कोनन गांव में दहेज की खातिर एक 32 वर्षीय विवाहिता विभा देवी की हत्या कर पांच दिन पहले पति सहित ससुरलवालों ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से लाश को एक बोरे में बंद कर टाटी नदी में बहा दिया। विवाहिता की हत्या किए जाने की खबर मिलने के बाद उसके मैके नालंदा जिला अन्तर्गत चंडी थाना क्षेत्र के बेलहाना गांव के लोग कोनन गांव पहुंचे। लेकिन मृतका के परिवारवालों ने उन्हे बताया कि विभा को विषैले सर्प ने डंस लिया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मृतका बेलहना गांव निवासी सिद्धेश्वर यादव की पुत्री और कोनन गांव निवासी बाल्मिकी यादव की पत्नी बताई गई है। मृतका की लाश बहते हुए सदर प्रखंड अंतर्गत कारे गांव के बगल में बहने वाली टाटी नदी से बरामद की गई। विवाहिता की लाश बरामदगी की खबर मिलने के बाद अस्थावां थाना पुलिस और नगर थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मृतका की बोरे में बंद लाश को नदी से निकलवाया। बोरा खोलने के बाद मृतका के दोनो पैर और गला रस्सी से बंधा मिला। लाश बरामदगी के बाद अस्थावां पुलिस लाश को लेकर अपने साथ ले गई।