विद्यापतिनगर प्रखंड की कांचा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। गुरुवार की देर शाम मतगणना के पश्चात परिणाम घोषित कर दिया गया। अखिलेश कुमार राय कांचा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं। निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ महताब अंसारी ने बताया कि कांचा पंचायत के पैक्स चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। शाम करीब 4.30 बजे तक मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। प्रखंड कार्यालय में मतगणना केंद्र बनाया गया था। कड़ी सुरक्षा के बीच शाम सात बजे मतगणना प्रारंभ हुआ। रात्रि करीब 8 बजे तक चुनाव का परिणाम आया। इसमें कांचा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष पद के लिए अखिलेश कुमार राय को 424, निवर्तमान अध्यक्ष प्रमोद कुमार राय को 289, संतोष कुमार को 102 मत प्राप्त हुए। कुल 63 मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना में अध्यक्ष पद के विजयी उम्मीदवार अखिलेश कुमार राय ने निवर्तमान अध्यक्ष प्रमोद कुमार राय को 135 मतों के अंतर से पराजित किया। इधर विजयी उम्मीदवार घोषित होते ही अखिलेश कुमार राय के समर्थकों ने रंग-गुलाल लगाकर और मिठाईयां बांट कर जीत का जश्न मनाया। नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष अखिलेश कुमार राय एवं प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य को प्रमाण पत्र बीडीओ के हाथों सौंपा गया। बीडीओ महताब अंसारी ने बताया कि गुरुवार को सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव में 75.76 प्रतिशत मतदान हुआ।