विद्यापतिनगर। प्रखंड के कांचा पंचायत के एक मात्र रिक्त पैक्स अध्यक्ष पद का चुनाव पैक्स गोदाम पर बने मतदान केंद्रो पर शांतिपूर्ण ढंग से पूरे चाक चौबंद सुरक्षा वयवस्था के बीच सम्पन्न हुआ। चुनाव सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। सुबह बड़ी संख्या में महिला पुरुष मतदाताओं ने कतारबद्ध होकर अपने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह में खेती गृहस्थी से जुड़े किसान बड़ी संख्या में मतदान केंद्र पर उमड़े। मतदाताओं की भीड़ धूप तेज होते ही कम होने लगी। दोपहर तक 40 प्रतिशत तक मतदान किया जा चुका था। दोपहर से धीरे धीरे एक दो की संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने उक्त मतदान केंद्र पर 4 बजे तक आते रहे, लेकिन मतदान के अंतिम क्षणों में छूटे हुए मतदाताओं की भीड़ एक बार पुनः उमड़ी। सुबह के 9 बजे तक 13.61 प्रतिशत, दिन के एक बजे तक 42.77 प्रतिशत और मतदान की समाप्ति तक 878 मतदान हुआ। बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी महताब अंसारी ने बताया कि उक्त चुनाव को ले बनाये गए उक्त गोदाम में 2 बूथों पर 75.76 प्रतिशत मतदान खबर लिखे जाने तक हुआ। मतदान को ले पैक्स गोदाम पर बने बूथों पर जहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। दो मजिस्ट्रेट समेत घटहो ओपी थानाध्यक्ष चन्द्रभूषण कुमार के नेतृत्व में एसआइ सुरेश पासवान बूथों पर तैनात थे। चुनाव कर्मी एक दिन पूर्व ही मतदान केंद्र पर पहुंच गये थे। मतदान केंद्र पर सभी प्रत्याशियों ने भी अपने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बीडीओ ने बताया कि उक्त चुनाव को ले मतगणना शाम 6 बजे से शुरू होगी और कुछ ही घण्टो में परिणाम घोषित कर दिया जायेगा। बताते चलें कि उक्त चुनाव को लेकर 3 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मौके पर बीपीआरओ सह स्टेटिक मजिस्ट्रेट अमित कुमार, रंजीत कुमार दल बल के साथ मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते दिखे।विस्तृत जानकारी के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।
