साहरघाट डकैती कांड के पीड़ित व इलाजरत जख्मियों से पूर्व मंत्री डॉ. शकील अहमद ने अस्पताल में मुलाकात की। जबकि, परिवारजनों से उनके निवास स्थान पर साहरघाट में मिले।उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी लेने के पहले इलाजरत गृहस्वामी राजकुमार गामी और उनके परिवार के लोगों से उन लोगों का हालचाल पूछा। फिर पुलिस अधिकारियों की शिथिलता की बात कहते हुए घटना के प्रति दुख जताया। उन्होंने पीड़ितों के पक्ष में खुद को खड़े रहने और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पूर्व मंत्री ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने के लिए वे सरकार के आला अधिकारियों से बात करेंगे। उन्होंने कांग्रेस के मधवापुर अध्यक्ष शिवचंद्र झा और कार्यकर्ता रामउदार यादव को यह भार दिया कि उन्हें क्षेत्र की हालातों से वे लोग अवगत कराते रहें।