रासायनिक खादों और दवाओं को करें बाय-बाय ! भोजन की थाली को बनाएं विष मुक्त किसान भाई जीरो बजट पर कर सकते हैं प्राकृतिक खेती शिवगढ़,रायबरेली। शिवगढ़ क्षेत्र के कसना गांव के रहने वाले जागरूक, प्रगतिशील एवं प्राकृतिक शेषपाल सिंह ने जीरो बजट पर खेती करने के सिद्धांत को साबित कर दिखाया है,जिनसे क्षेत्र के किसान प्रेरणा लेकर प्राकृतिक खेती को अपना रहे हैं। शेषपाल सिंह ने यह साबित कर दिया है कि रासायनिक खादों, कीट नाशकों के प्रयोग से होने वाले उत्पादन से कहीं ज्यादा प्राकृतिक खेती से कृषि उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। शेष सिंह बताते हैं कि सन 2017 से पहले वह भी अन्य किसानों की तरह रासायनिक खेती करते थे। खेतों में रासायनिक खादों एवं कीटनाशकों का प्रयोग करते थे। सन् 2017 में सुभाष पालेकर जी से प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण लेने के बाद से वे सुभाष पालेकर प्राकृतिक कृषि करने लगे। पहले सिर्फ धान गेहूं की खेती करते थे, एसपीएनएफ करने से अद्भुत परिणाम देखने को मिले। आज उसी जमीन में सभी प्रकार के दलहन, सभी प्रकार के तिलहन सभी प्रकार के अनाज पैदा करने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि आज ना तो वे बाहर से किसी प्रकार की खाद खरीदते हैं और ना ही किस प्रकार के कीटनाशक और दवायें खरीदने हैं। प्राकृतिक खेती की बदौलत दलहन, तिलहन, आनाज के साथ ही सहफल खेती करते हैं। सहफली खेती से भोजन की थाली की सभी जरूरतें पूरी हो जाती हैं, भोजन की थाली विषमुक्त और पोषण युक्त हो गई है। पंचस्तरीय बागवानी से आम,आंवला, सहजन, बेल सहित विभिन्न प्रकार के फल मिल रहे है, फलों का उत्पादन कई गुना ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि खेत में किसी प्रकार की रासायनिक खाद और दवा का प्रयोग नहीं करते, बाहर के बीजों का प्रयोग नहीं करते हैं केवल देशी गाय के गोबर और गोमूत्र से 4 हेक्टेयर खेती करते हैं। गाय के गोबर और गोमूत्र से ही जीवामृत, घन जीवामृत और बीजामृत एवं दवाएं बना लेते हैं और उसी से खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि एक गाय से 30 एकड़ तक की थी की जा सकती है। प्राकृतिक खेती से आज वे सशक्त स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बन गए हैं, लगातार आर्थिक मजबूती की ओर आगे बढ़ रहे हैं। सबसे अच्छी बात है कि प्राकृतिक खेती में जीवामृत एवं जैविक दवाओं के छिड़काव के लिए किसी श्रमिक की जरूरत नहीं होती, सिंचाई के समय पानी के साथ जीवामृत एवं दवाएं खेत में चली जाती हैं। महंगे दाम में बिकती प्राकृतिक हल्दी, गुड़ और राब शेषपाल सिंह पिछले कई वर्षों से हल्दी,गन्ना की प्राकृतिक खेती करके मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। जो गन्ने के रस से गुड़, राब बनाकर दोगने रेट में बेचने के साथ ही कच्ची हल्दी का औषधीय पाउडर बनाकर 350 रुपये प्रति किग्रा के हिसाब से बिक्री करते हैं, प्राकृतिक गुड़,राब,हल्दी की इतनी मांग रहती है कि उनके घर से ही बिक्री हो जाती। प्राकृतिक खेती से दे रहे मोटे अनाज को बढ़ावा शेषपाल सिंह ज्वार, बाजरा, रागी, सावां, कंगनी आदि की प्राकृतिक खेती करके मोटे अनाज को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने ने बताया कि बाजरा लौह लवण से भरपूर होता है इसलिए शरीर में यह खून की कमी को दूर करने में सहायता करता है। वहीं ज्वार शरीर की हड्‌डियों के लिए अच्छी मात्रा में कैल्शियम, खून के लिए फॉलिक एसिड के अलावा कई अन्य पोषक तत्व प्रदान करता है।