- व्यापारियों ने घण्टाघर चौराहे में किया ध्वजारोहण रायबरेली, 26 जनवरी, 2024! विगत वर्षो की भाँति इस वर्ष भी घण्टाघर चौराहे पर उ0प्र0 उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान व्यापार मण्डल द्वारा घण्टाघर में व्यापारियों का समूह एकत्रित होकर ध्वजारोहण कार्यक्रम में भागीदारी कर अपने-अपने विचार व्यक्त करता है। इसी क्रम में प्रान्तीय संगठन मन्त्री मुकेश रस्तोगी द्वारा एवं वरिष्ठ व्यापारी घनश्याम गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया गया, तदुपरान्त राष्ट्रगान सम्पन्न हुआ, व्यापारियों के अतिरिक्त राहगीरों को मिष्ठान वितरित कर गणतन्त्र दिवस की बधाई दी गयी।   व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए प्रान्तीय व्यापारी नेता मुकेश रस्तोगी ने कहा कि आज हम अपना 75वाँ गणतन्त्र दिवस मना रहे हैं, यह दिन भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है, यह दिन इसलिए खास है क्योंकि वर्ष 1950 में इसी दिन भारत का संविधान लागू किया गया था, औपनिवेशिक शासन से स्वतन्त्र गणराज्य बनने तक भारत की लम्बी यात्रा का जश्न मनाता है, यह लोकतंत्र, संप्रभुता और भारतीय लोगों की स्थायी भावना का उत्सव है। गणतन्त्र दिवस सभी को बेहतर नागरिक बनने और अपने महान राष्ट्र के लिए सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। संरक्षक घनश्याम गुप्ता ने कहा कि गणतन्त्र दिवस देशभक्ति के उत्साह से भरा दिन है, जो हर किसी को देश के प्रति उनके अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है।   नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि गणतन्त्र दिवस के सम्मान में स्कूल, कालेज सहित तमाम संगठन ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रभक्ति से प्रेरित कार्यक्रम आयोजित करते हैं।   नगर महामन्त्री आशु श्रीवास्तव ने कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, यह भारत को एक बेहतर स्थान बनाने के लिए हमारा मार्गदर्शक है।   इस अवसर पर मुख्य रूप से युवा जिलाध्यक्ष सत्यांशु दुबे, अनुज त्रिवेदी, मधुर शर्मा, बाबू भाई, राजेश श्रीवास्तव, सौरभ गुप्ता, प्रखर चौरसिया, अभिषेक गुप्ता, रोहित चौधरी, रंजन वर्मा, जितेन्द्र मौर्या, पवन अग्रहरि, सुशील मौर्या, शत्रुघ्न पटेल, भोला चौधरी, नन्द कुमार पाल, अजय रावत, हरिओम अग्रहरि, अनिल गुप्ता, सोनू साहू, उमेश चौरसिया आदि सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।