युपी फतेहपुर खागा, श्रीधाम अकोढ़िया में श्रीराम जानकी विवाह आनन्दोत्सव पर्व के दूसरे दिन हजारों भक्तों ने छप्पन भोग के दर्शन करते हुए भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से देर शाम तक भक्तों की भीड़ आस्था के सागर में हिलोरे लगाती रही। बाला जी सरकार की जयकार करते हुए भक्तगण अपने परिवारिक सदस्यों के साथ उपस्थित हुए। आनन्दोत्सव पर्व के दूसरे दिन भक्तों के संकट निवारण के लिए दरखास्त लगाई। सुबह नौ बजे से सुंदरकांड का भव्य पाठ आयोजित किया गया। इसके बाद 11 बजे से हवन के बाद छप्पन भोग का दर्शन कराया गया। शाम करीब चार बजे महा आरती के बाद भंडारे में हजारों भक्तों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व्यवस्थाओं में लगे रहे। भक्तों ने गुरुदेव राकेश जी महाराज व प्रेरणास्रोत डॉ सुनील गुप्त का सानिध्य प्राप्त करते हुए आशीर्वाद लिया। इससे पहले शनिवार को विशाल शोभा यात्रा में भी बड़ी संख्या में भक्तगण सम्मिलित हुए थे। दूसरे दिन श्रीधाम में संतोष गुप्त, राकेश सिंह, डॉ यजुवेन्द्र सिंह, अवधेश द्विवेदी, विमल मिश्र, सुशील गुप्त, महेन्द्र गुप्त, सीकू, राजन केसरवानी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।