कमलापुर (सीतापुर)। पतारा कलां से कमलापुर को जाने वाली सड़क चौड़ी की जाएगी। जिला प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। लाेक निर्माण विभाग यह काम कराएगा। यह सड़क कुशमौरा, नवागांव, बम्हेरा, चितरेहटा, जयरामपुर संग अन्य गांवों से गुजरेगी। ग्राम पंचायत नवागांव की प्रधान जनक कुमारी सिंह ने उच्चाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से इस सड़क को चौड़ा कराने का अनुुरोध किया था। प्रधान ने बताया कि इस मार्ग का चौड़ीकरण कराने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर को भी पत्र लिखा था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह जिला सेवा प्रमुख सत्य प्रकाश ने बताया कि इस मार्ग की लंबाई करीब 22 किलोमीटर है। यह रास्ता कई ग्राम पंचायतों को जोड़ते हुए कमलापुर हाईवे पर आकर मिलता है। दूसरी तरफ इसी मार्ग पर जयरामपुर से सरायन नदी का पुल पार करने पर सिधौली-नैमिष धाम संपर्क मार्ग को जोड़ता है। यह मार्ग नवागांव से मछरेहटा को जाने वाले मार्ग को भी जोड़ता है।