मास्टरबाग। बिसवां ब्लॉक की कमुवा ग्राम पंचायत निवासी अशोक गुप्ता बीते सात वर्षाें से गो आधारित प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। सात वर्षाें से वह प्राकृतिक खेती के माध्यम से औषधीय पौधे उगा रहे हैं। इनकी खेती की लोकप्रियता विदेशों तक फैल चुकी है। बीते वर्ष अर्जेंटीना से कृषि विशेषज्ञ इनकी खेती का अध्ययन करने के लिए आये थे। वहीं, कृषि विभाग के अधिकारी भी इनके माध्यम से अन्य किसानाें को प्राकृतिक खेती के लिए जागरूक कर रहे हैं। उनकी इस मुहिम से अब तक साढ़े चार सौ किसान जुड़ चुके हैं। प्रगतिशील किसान अशोक गुप्ता ने बताया कि सात साल पहले उन्होंने रेडियो पर प्राकृतिक खेती का नाम सुना था। इसके बाद लखनऊ स्थित डॉ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में पद्मश्री डॉ सुभाष पालेकर का कार्यक्रम देखा। उनसे प्रेरणा लेकर सात साल पूर्व पांच बीघा फसल से गो आधारित कृषि की शुरुआत की थी।