रामपुर मथुरा/सीतापुर। किसान की परेशानी दूर होने का नाम नहीं ले रही। कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। देरी से चली किसान सहकारी चीनी मिल अब भी पूरी क्षमता से पेराई नहीं कर पा रही है। लिहाजा, क्रय केंद्रों पर तौल रोक दी जाती है। किसानों को अपने गन्ने की तौल कराने के लिए चार से पांच दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। सर्दी से बचाव के इंतजाम भी केंद्रों पर नहीं हैं। ऐसे में किसानों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। गोंडा देवरिया अ और ब क्रय केंद्र पर दर्जनों गन्ने से लदी ट्राॅलियां खड़ी हैं। किसान बलकार सिंह ने बताया कि तीन दिनों से खड़े हैं। मेरी पर्ची पर तौल की तिथि 17 दिसंबर लिखी है। तौल न होने से पर्ची खराब हो रही है। गन्ना भी सूख रहा है। किसान रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि पांच दिनों से तौल के इंतजार में खड़े हैं।