सीतापुर। जिला कारागार में 37 लाख 65 हजार रुपये की लागत से चार गोदामों का निर्माण होगा। इसमें जेल में तैयार ओडीओपी उत्पाद रखे जाएंगे। वहीं, गोदामों में राशन, बंदियों के कंबल व अन्य आवश्यक वस्तुएं भी रखी जाएंगी। इसकी कवायद शुरू हो गई। जेल अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि उप्र. राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड चार गोदामों का निर्माण कराएगा। वर्तमान में जेल परिसर में छह गोदाम हैं। इनमें करीब 1,500 बंदियों को दिये जाने वाले कंबल, रजाई व अन्य जरूरी सामान रखा जाता है। राशन भी इसी में एडजस्ट किया जाता है। अब चार गोदाम बनने के बाद परिसर में कुल दस गोदाम हो जाएंगे। इनमें राशन व ओडीओपी संग अन्य उत्पादों का भंडारण अलग-अलग किया जा सकेगा।